
उर्फी जावेद ने रवि किशन की बेटी रीवा पर गुस्सा निकाला है और उन्हें ‘सांप’ कहा है। बवाल रियलिटी शो ‘अलायंस’ से उर्फी की बहन डॉली के एलिमिनेट होने के कारण हुआ है। उर्फी के मुताबिक, रीवा ने पहले डॉली को सपोर्ट किया और फिर उन्हें ही वोट आउट करवा दिया।
उर्फी जावेद की बहन डॉली जावेद को हाल ही रियलिटी शो ‘अलायंस’ से एलिमिनेट कर दिया गया। इसमें रवि किशन की बेटी रीवा का हाथ रहा। अब उर्फी ने रीवा पर गुस्सा निकाला है और उन्हें ‘सांप’ बता दिया। उर्फी ने हाल ही Alliance का एक क्लिप देखा और उसके बाद उन्होंने रीवा किशन पर गुस्सा निकाला। उर्फी के मुताबिक, रीवा किशन की कथनी और करनी में उन्हें बहुत अंतर दिखा।
उर्फी जावेद ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें रीवा किशन, डॉली जावेद के बारे में बात करती और यह कहती हुई दिख रही हैं कि डॉली को गेम में बने रहने का मौका मिलना चाहिए था। रीवा ने उनके बीच के बॉन्ड की भी तारीफ भी की। हालांकि, उर्फी ने बताया कि इन बातों के बावजूद, रीवा उन कंटेस्टेंट्स में शामिल थीं जिन्होंने डॉली को ‘अलायंस’ से बाहर करने के लिए वोट किया था।
उर्फी जावेद ने रवि किशन की बेटी को कहा ‘सांप’
रीवा पर गुस्सा निकालते हुए उर्फी जावेद ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर यह वीडियो क्लिप शेयर किया और लिखा, ‘पिछले जनम में सांप थी क्या?’ जवाब में डॉली जावेद ने भी रिएक्ट किया, और लिखा, ‘मुझे एक सांप दिख रहा है।’ साथ में उन्होंने सांप के कई सारे इमोजी बनाए।
डॉली जावेद के एविक्शन पर सोशल मीडिया पर बहस
Alliance से डॉली जावेद के बाहर होने पर दर्शकों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है और कई लोग इस बात पर बहस करने लगे कि क्या उन्हें वोट आउट करने का फैसला सही था? वहीं, ऊर्फी की तीखी प्रतिक्रिया ने ‘अलायंस’ में शुरू हुए विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है। बता दें कि ‘अलायंस’ में डॉली जावेद अपने ओपिनियम और गेम स्ट्रैटिजी के कारण स्ट्रॉन्ग कंटेस्टेंट्स में से एक बनकर उभरीं। उनके गेम को काफी पसंद किया जा रहा था। लेकिन कुशाल टंडन और उनके अलायंस की स्ट्रैटिजी के कारण डॉली शो से बाहर हो गईं।
कुशाल टंडन से हुई कई बार झड़प
शो के दौरान, डॉली ने अकसर कुशाल टंडन के महिलाओं के प्रति गलत रवैये और बातचीत के समय उन पर हावी होने की कोशिश करने की आलोचना की। विरोध का सामना करने के बावजूद, वह कभी पीछे नहीं हटीं और मजबूती से अपनी राय रखती रहीं।





